प्रातः कालीन बैठक के दौरान प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों को बुनियादी ढांचे से जुड़ी सेवाओं जैसे सड़क निर्माण व मरम्मत, बिजली और पानी की आपूर्ति पर निरंतर निगरानी बनाए रखने और आवश्यकतानुसार त्वरित सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जनता से सीधे संवाद स्थापित करने और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष बल दिया गया। साथ ही 1905 और 1064 जैसे जनशिकायत पोर्टलों पर प्राप्त शिकायतों पर समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।
चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं की सुविधा के मद्देनज़र यात्रा मार्गों की विशेष निगरानी, वनाग्नि की रोकथाम, बरसाती नालों की नियमित सफाई तथा आपदा की स्थिति में तत्काल राहत और बचाव कार्य सुनिश्चित करने को कहा गया।
इसके अतिरिक्त, अवैध अतिक्रमण और अवैध मदरसों के खिलाफ सघन अभियान चलाने, विभागीय कार्यों की सतत मॉनिटरिंग, सत्यापन अभियानों में तेजी लाने और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय को और अधिक सशक्त करने के लिए भी जिलाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए|